लखनऊ। महानगर के न्यू हैदराबाद इलाके में रंजिश के चलते कुछ युवकों ने दो दोस्तों पर लाठी-डंडे व रॉड से हमला कर दिया। इससे दोनों को गंभीर चोटें लगीं।मामले में सात नामजद व आठ अज्ञात के खिलाफ महानगर थाने में केस दर्ज किया गया है। न्यू हैदराबाद इलाके के मो. शकील के मुताबिक, सोमवार शाम साढ़े सात बजे उनका बेटा मो. अख्तर, दोस्त अब्दुल कादिर और अजान के साथ टंकी वाले पार्क गया था। वहां निशातगंज निवासी जुनैद, शुएब, अंकित, पार्थ, हर्ष, अर्ष, सचिन व आठ अन्य युवकों ने अख्तर व कादिर पर हमला कर दिया। इससे अख्तर बेहोश हो गया और कादिर का सिर फट गया। परिजनों ने दोनों को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से कादिर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। अख्तर के पिता शकील ने मंगलवार को आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया। (संवाद)
