फफूंद थाना क्षेत्र के गांव गुलाबपुर में कुत्ते के काटने के बाद एंटी रेबीज वैक्सीन का पूरा कोर्स कराने के बावजूद एक 11 वर्षीय बालिका की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। आखिरी (चौथी) डोज लगने के बाद बालिका की तबीयत बिगड़ गई। कानपुर ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। जानकारी पर विधायक प्रदीप यादव सीएचसी पहुंचे। उन्होंने पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
गांव गुलाबपुर निवासी रविंदर सिंह नायक की 11 वर्षीय बेटी गुंजन 15 मई को गांव में घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान कुत्ते ने उसे काट कर जख्मी कर दिया था। परिजन का आरोप है कि घटना के बाद वे गुंजन को दिबियापुर सीएचसी ले गए। वहां, उसे एंटी रेबीज वैक्सीन की पहली डोज दी गई। इसके बाद तय समय के अनुसार 18 और 22 मई को दूसरी व तीसरी डोज लगाई गई। परिजनों ने बताया कि 29 मई को गुंजन को वैक्सीन की निर्धारित चौथी और आखिरी डोज दी गई थी।