जागरण संवाददाता, औरैया। आवारा कुत्तों के आतंक से जल्द लोगों को निजात मिलेगी। सौंधेमऊ गांव में एबीसी सेंटर (एनिमल बर्थ कंट्रोल) की स्वीकृति मिल गई है। यह सेंटर करीब 1.5 एकड़ भूमि में बनाया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा जमीन मुहैया करा दी गई है। सेंटर पर बीमार कुत्तों के उपचार के साथ उनकी नसबंदी की जाएगी। जल निगम की सीएंडडीएस संस्था द्वारा निर्माण कराया जाएगा। संस्था द्वारा प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर रही है।
लंबे समय से शहर से लेकर गांव तक कुत्तों की समस्या लोगों के लिए जी का जंजाल बनी हुई है। आए दिन कुत्ते काटने की घटनाएं होती हैं। जिला प्रशासन के पास आवारा आतंक की रोकथाम की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। बचाव के नाम पर सिर्फ एंटी रेबीज वैक्सीन का ही सहारा है। ऐसे में कई बार कुत्ते के काटने पर लोगों को जान बचाना मुश्किल पड़ जाता है।
1.5 एकड़ भूमि की पैमाइश
लोगों को समस्या से राहत देने के लिए शासन की ओर से एबीसी सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। जिसके लिए कुछ महीने पहले सौधेमऊ गांव में 1.5 एकड़ भूमि की पैमाइश की जा चुकी है। सीएंडडीएस के अधिकारियों के अनुसार डीपीआर तैयार की जा रही है एक सप्ताह में सबमिट कर दी जाएगी।
कुत्ते काटने के मामले हर रोज 15 से 20
जिला संयुक्त चिकित्सालय में कुत्ते काटने के मामले प्रतिदिन 15 से 20 आते हैं। महीने में करीब 400 का औसत रहता है। गंभीर घाव होने पर सीरम लगाया जाता है। वहीं बीते वर्षों की बात करें तो वर्ष 2023 में जिले में 29603 व 2024 में 24866 लोगों को एंटी रेबीज लगाई गई सीएमएस डा. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि अस्पताल में एंटी रेबीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
