फोटो-29-जिला पंचायत विद्यालय उमरैन में बीएलओ से जानकारी लेते नोडल अधिकारी। संवाद

मतदाता पुनरीक्षण अभियान में प्रधान व कोटेदार बनाए रहे दूरी

संवाद न्यूज एजेंसी

एरवाकटरा। विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान में शनिवार को उमरैन के विभिन्न बूथों पर 52 नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 और आठ संशोधन फार्म ऑनलाइन किए गए। प्रशासन के निर्देशों के बावजूद राशन डीलर व प्रधान अभियान से दूरी बनाए रहे।

बूथों पर बीएलओ अकेले ही जिम्मेदारी संभालते नजर आए। जनप्रतिनिधियों और राशन डीलरों का सहयोग न मिलने से उन्हें नए मतदाताओं तक पहुंचने और फार्म भरवाने में काफी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं, डीएम सहित अन्य अधिकारियों ने जिलेभर के कई केंद्रों का निरीक्षण किया।

शाम करीब पांच बजे ब्लॉक एरवाकटरा के नोडल अधिकारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विकल कुमार जिला पंचायत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरैन पहुंचे। उन्होंने संबंधित बीएलओ से अभियान के दौरान हुए पंजीकरण की जानकारी ली और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के बूथ संख्या आठ के बीएलओ शिवम कौशल ने बताया कि 13 फार्म-6 और दो फार्म-8 ऑनलाइन किए गए। बूथ संख्या सात के बीएलओ हरपाल सिंह के अनुसार 11 फार्म-6 और दो संशोधन फार्म जमा हुए।

बूथ संख्या नौ के बीएलओ अनिल कुमार ने नौ फार्म-6 और दो फार्म-9 ऑनलाइन किए जाने की जानकारी दी। प्राथमिक विद्यालय उमरैन के बूथ संख्या पांच के बीएलओ हिमांशु पोरवाल ने बताया कि 17 फार्म-6 और तीन फार्म-8 जमा हुए। भाग संख्या छह के बीएलओ संजय सिंह के बूथ पर नौ फार्म-6 और एक फार्म-8 जमा किया गया।

अभियान के दौरान नूरजहां बानो, अंकिता, फिजा, अर्शी बानो, अंशुल, अनमोल सहित कई युवाओं को पहली बार मतदाता बनाया गया। इसके अलावा नवविवाहिताओं के नाम जोड़ने, दूसरे गांव से आकर उमरैन में बसे परिवारों का पंजीकरण कराने और मतदाता सूची में नाम, मकान संख्या व जेंडर संबंधी त्रुटियां सुधारने की कार्रवाई की गई।



Source link

अभी अभी की खबरें