औरैया। 26 नवंबर को होने जा रहे जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में महिलाओं के लिए आरक्षित 07 में से 06 पदों व सात अन्य पदों पर निर्विरोध चुनाव की स्थिति बनेगी। 23 नवंबर को प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित होगी।
डीबीए मीडिया प्रभारी शिवम शर्मा ने बताया कि शनिवार को प्रत्याशियों पर आपत्ति सुनी गई। जिनका निस्तारण कर सोमवार को प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। विभिन्न पदों पर 13 प्रत्याशी बिना मतदान के निर्विरोध चुने जा सकेंगे। कोषाध्यक्ष के एक महिला आरक्षित पर एक ही पर्चा सोनम गुप्ता का आया और वह निर्विरोध चुन ली जाएंगी।
इसी तरह वरिष्ठ उपाध्यक्ष के एक पद पर रामऔतार सिंह कश्यप का चुना जाना तय है। उपाध्यक्ष के दो पदों में अर्जित तिवारी व विमल कुमार सिंह ने ही पर्चा भरे हैं, इस तरह वे भी निर्विरोध चुने जाएंगे। कनिष्ठ उपाध्यक्ष के दो पदों में एक महिला प्रत्याशी के लिए आरक्षित है, जिसमें गायत्री शर्मा निर्विरोध चुनी जाएंगी। जबकि एक पद पर चुनाव होगा।
कार्यकारिणी के छह वरिष्ठ पदों पर 2 महिला के लिए आरक्षित हैं। इसमें एक महिला के लिए आरक्षित, सूर्यप्रकाशनी कुशवाहा सहित पांच प्रत्याशी उपाध्यक्ष, श्यामबिहारी शुक्ला, जमुना नारायन, किशोर सिंह व राजेश चंद्र चतुर्वेदी निर्विरोध चुने जाएंगे। कनिष्ठ सदस्य के छह पदों में दो महिला वकीलों के लिए आरक्षित हैं। जिसमें दो प्रत्याशी हिना व रीना कुमारी का निर्विरोध चुना जाना तय है। शेष चार पदों पर मतदान होगा।
एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष अंकुर अवस्थी ने बताया कि अध्यक्ष व महामंत्री के एक-एक पद सहित 23 सदस्यीय कार्यकारिणी का चुनाव होना है। सोमवार को पता चलेगा कि किस पद पर कौन-कौन प्रत्याशी चुनाव में भाग लेगा। इस बार 797 मतदाता वकील 26 नवंबर को वोट डालेंगे। उसी दिन देर शाम तक परिणाम घोषित हो जाएगा।
इनसेट
अनुभव नहीं मिला पूरा, संयुक्त मंत्री पद के लिए एक पर्चा खारिज
न्यायालय में अधिवक्ताओं के वार्षिक चुनाव को लेकर शनिवार को आपत्तियां मिली थीं। इस दौरान एल्डर्स कमेटी ने संयुक्त मंत्री शहबुद्दीन अली का अनुभव पूरा नहीं मिला। इस पर पर्चा खारिज कर दिया गया। एल्डर्स कमेटी के हृदयनारायण पांडेय ने बताया कि पांच साल अनुभव पूरा न होने के कारण संयुक्त मंत्री पद के लिए एक दावेदार का पर्चा खारिज किया गया है।
