यूपी के अयोध्या में बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। क्षेत्र की 23 वर्षीय युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर अश्लील फोटो बनाई गई। फिर ब्लैकमेल करके रुपये भी ऐंठे। इतना ही नहीं बारी-बारी दुष्कर्म का भी आरोप है। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करके शुक्रवार को कोर्ट भेजा। आरोपियों में एक अग्निवीर सैनिक भी शामिल है।
कोतवाली पहुंची युवती ने तहरीर दी। बताया कि क्षेत्र के महावा निवासी अग्निवीर दीपक चौरसिया ने उसकी आपत्तिजनक फोटो बनाई थी। उसने यह फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ गलत हरकत की। इसके बाद दीपक चौरसिया ने यह फोटो तारुन थाना क्षेत्र के खमपुर निवासी सौरभ को भेज दी।
सौरभ ने भी युवती को धमकी दी और उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने युवती से रुपये भी ऐंठे और फोटो भी तारुन थाना क्षेत्र के नंदापुर बालापुर निवासी उमेश पांडेय को भेजी। उमेश ने भी धमकी देकर युवती से दुष्कर्म किया।
इंस्पेक्टर अमरेंद्र बहादुर सिंह ने जानकारी दी कि युवती की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के विरुद्ध दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की है।
प्रभारी निरीक्षक ने यह भी बताया कि मुख्य आरोपी दीपक चौरसिया एक अग्निवीर सैनिक है। उसकी शादी दो दिन पहले ही हुई थी। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय भेजा गया है।
