हैदरगंज। पूरब पट्टी गांव में शादी समारोह में शामिल होने आए युवक की बृहस्पतिवार शाम तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसे से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। सीहापुर ग्राम पंचायत के रतनुपुर निवासी ओमप्रकाश निषाद (35) पत्नी और बच्चों के साथ पूरब पट्टी निवासी पंचू निषाद के यहां लड़की की शादी में शामिल होने आए थे।

बृहस्पतिवार सुबह विदाई के बाद वह परिवार के साथ चले गए थे लेकिन किन्हीं कारणों से दोबारा लौट आए। शाम करीब चार बजे कुछ लोगों के कहने पर वह दशलावन पंचायत भवन के पीछे स्थित दुल्ला तारा अमृत सरोवर में मछली पकड़ने उतरे। इसी दौरान गहरे पानी में डूब गए।

मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। लोगों ने किसी तरह तालाब से निकालकर उन्हें सीएचसी हैदरगंज (रमवाकला) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ओमप्रकाश की पत्नी, दो बेटी और दो बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर उपनिरीक्षक अरुण यादव पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



Source link