05:52 PM, 14-Jan-2024
डीयू के कुलपति को प्राण प्रतिष्ठा समारोह का मिला निमंत्रण
दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति योगेश सिंह को 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है। कुलपति योगेश सिंह को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का निमंत्रण विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार की ओर से दिया गया है।
05:07 PM, 14-Jan-2024
यहां 40 वर्षों से प्रज्ज्वलित हो रही श्रीराम ज्योति
अयोध्या में श्रीराम मंदिर के लोकार्पण के उपलक्ष्य में बरेली स्थित बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में भव्य सजावट की गई है। मंदिर सेवा समिति के प्रताप चंद्र सेठ ने बताया कि परिसर में विगत 40 वर्षों से श्री राम ज्योति निरंतर प्रज्ज्वलित है।
04:52 PM, 14-Jan-2024
इन जिलों से होकर गुजरेगी चरण पादुका यात्रा
श्रीराम चरण पादुका यात्रा प्रयागराज, श्रृंगवेरपुर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर होते हुए अयोध्या पहुंचेगी। यात्रा में शामिल लोगों का रात्रि विश्राम जनपदों में होगा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की ओर से विभिन्न प्रस्तुतियां होंगी।
04:41 PM, 14-Jan-2024
श्रीराम चरण पादुका यात्रा चित्रकूट से होगी प्रारंभ
श्रीराम चरण पादुका यात्रा मकर संक्रांति (15 जनवरी) से चित्रकूट से प्रारंभ होगी, जो 19 जनवरी को रामनगरी अयोध्या पहुंचेगी। भरतकूप स्थित कुंड से कलश में जल संग्रह और पादुका पूजन के साथ यात्रा प्रारंभ होगी।
04:21 PM, 14-Jan-2024
बीएपीएस स्वामीनारायण संस्था को प्राण प्रतिष्ठा समारोह का मिला निमंत्रण
अहमदाबाद स्थित बीएपीएस स्वामीनारायण संस्था को अयोध्या में राम मंदिर के आगामी अभिषेक समारोह के लिए निमंत्रण मिला है। बता दें कि संस्था का दिल्ली स्थित अक्षरधाम मंदिर भी दुनिया भर में प्रसिद्ध है। संस्था के संतों का एक समूह 22 जनवरी को अयोध्या में आयोजित होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेगा।
03:04 PM, 14-Jan-2024
मध्य प्रदेश के उज्जैन से लड्डू
मध्य प्रदेश के उज्जैन से पांच लाख लड्डू श्री राम के मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर भेजे जाएंगे। इसको लेकर पिछले दिनों ही प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश दिए थे। महाकालेश्वर मंदिर परिसर में लड्डू प्रसाद निर्माण इकाई में शुद्ध देशी घी और सूखे मेवे के पांच लाख लड्डू तैयार किए जा रहे हैं। इसका वजन करीब 250 क्विंटल बताया जा रहा है। ये लड्डू 80 क्विंटल घी, 90 क्विंटल शक्कर, 70 क्विंटल चना दाल, 20 क्विंटल रवा, 10 क्विंटल रवा, पांच क्विंटल किशमिश और एक क्विंटल इलायची से बनाए जा रहे हैं। 16 जनवरी को तीन ट्रकों से लड्डू अयोध्या भेजे जाएंगे।
02:29 PM, 14-Jan-2024
यूपी के एटा से अष्टधातु का घंटा
अयोध्या के भव्य श्रीराम मंदिर में 2100 किलो अष्टधातु का घंटा स्थापित किया जाएगा। पूरे परिसर में लगने वाला यह सबसे बड़ा घंटा होगा। 2100 किलो वजन का यह घंटा अष्टधातु से बनाया गया है। इससे निकलने वाले आवाज अद्भुत होगी। जो दूर-दूर तक लोगों को सुनाई देगी। घंटा निर्माण में करीब 25 लाख रुपये की लागत आई है। आकार में यह छह फीट ऊंचा और पांच फीट चौड़ा है। करीब चार साल में एटा के जलेसर में इस विशाल घंटे का निर्माण किया गया है। घंटे के दर्शन, पूजन करना का बाद 8 जनवरी को इसे अयोध्या पहुंचा दिया गया।
01:51 PM, 14-Jan-2024
मीनाक्षी लेखी ने चलाया सफाई अभियान
केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर परिसर में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सेवा ही हमारा धर्म है। स्वच्छता सेवा है और हम उसी के लिए यहां एकत्र हुए हैं।
#WATCH | Delhi: Union Minister Meenakashi Lekhi holds a cleanliness drive at the premises of Hanuman Temple in Connaught Place pic.twitter.com/TdDRz3VeRa
— ANI (@ANI) January 14, 2024
01:32 PM, 14-Jan-2024
योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में स्वच्छ तीर्थ अभियान का शुभारंभ किया
उन्होंने न सिर्फ झाड़ू लगाई बल्कि अपने हाथ से कूड़ा करकट उठाकर डस्टबिन में डाला और अयोध्या के लिए स्वच्छता का संदेश दिया। स्वच्छता अभियान में जनता अवध इंटर कॉलेज, शिवदयाल जायसवाल इंटर कॉलेज, महाराजा इंटर कॉलेज और महाराजा पब्लिक स्कूल के 400 बच्चे भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री योगी ने स्कूली बच्चों और सफाईकर्मियों से भी बात की और उनसे कहा कि अयोध्या को साफसुथरा बनाने में आप सबको आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभानी होगी।
#WATCH | Uttar Pradesh CM Yogi Adityanath participates in a cleanliness drive in Ayodhya as part of the ‘Swachhta Abhiyaan’ ahead of the Pran Pratishtha ceremony of Ram temple in Ayodhya. pic.twitter.com/922OZ1Gd2P
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) January 14, 2024
01:03 PM, 14-Jan-2024
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले सीएम योगी का अयोध्या दौरा
12:50 PM, 14-Jan-2024
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद ने लगाई झाड़ू
यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को लखनऊ के बालकेश्वर हनुमान मंदिर में साफसफाई की और स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि 30 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘स्वच्छ मोहल्ला, स्वच्छ ग्राम, अयोध्या धाम, जय श्रीराम’ का नारा दिया था और देश के लोगों से स्वच्छता अभियान में भाग लेने की अपील की थी। पीएम मोदी अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के पहले 11 दिन का अनुष्ठान कर रहे हैं और देश के मंदिरों में स्वच्छता अभियान चलाने की अपील की है। इसमें भाजपा के सभी कार्यकर्ता योगदान दे रहे हैं।
12:16 PM, 14-Jan-2024
भाजपा का सफाई अभियान शुरू
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले ‘स्वच्छता अभियान’ के तहत दिल्ली के गुरु रविदास मंदिर में सफाई अभियान में भाग लिया।
#WATCH | BJP national president JP Nadda participates in a cleanliness drive at Guru Ravidas Mandir in Delhi as part of the ‘Swachhta Abhiyaan’ ahead of the Pran Pratishtha ceremony of Ram temple in Ayodhya. pic.twitter.com/cxU5zBMslq
— ANI (@ANI) January 14, 2024
11:55 AM, 14-Jan-2024
राम मंदिर आंदोलन के चेहरे रहे विनय कटियार को मिला निमंत्रण
भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद विनय कटियार को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण मिला है। राम मंदिर आंदोलन में प्रमुख भूमिका निभाने के फलस्वरूप रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने उन्हें भी आमंत्रित किया है। हालांकि अभी उन्होंने समारोह में जाना तय नहीं किया है। इसके पीछे स्वास्थ्य को कारण बताया है। यदि तबीयत ठीक रही तो जाने का सुअवसर नहीं छोड़ेंगे।
11:23 AM, 14-Jan-2024
प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निपुण किए जा रहे 104 चिकित्सक
प्राण प्रतिष्ठा के दौरान इमरजेंसी सेवाओं के लिए 104 चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ को निपुण किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज ट्रामा सेंटर में एम्स के इमरजेंसी मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. तेज प्रताप सिन्हा इन्हें इमरजेंसी ट्रामा की बारीकियां सिखाते हुए प्रशिक्षित कर रहे हैं। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि विभिन्न प्रकार के इमरजेंसी मामलों में प्राथमिक उपचार करना महत्वपूर्ण है। खासतौर पर दिल का दौरा पड़ने, हेड इंजरी, हाइपरटेंशन समेत अन्य मामलों में उपचार के लिए लोगों को जानकारी दी गई है। इस मौके पर उप प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा, ट्रामा इंचार्ज डॉ. विनोद आर्या आदि मौजूद रहे। उधर, प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियों पर चर्चा की गई। स्वास्थ्य महानिदेशालय से आए डॉ. कल्याणी, निदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण, सीएमओ डॉ. संजय जैन व प्राचार्य डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार ने इमरजेंसी सेवाओं की मजबूती के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
10:38 AM, 14-Jan-2024
राम मंदिर ट्रस्ट ने राष्ट्रपति व उपराष्ट्रपति को किया आमंत्रित
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को रामलला के नवीन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है। प्रख्यात मूर्ति शिल्पकार राम वी सुतार व चित्रकार वासुदेव कामत भी समारोह के खास मेहमान होंगे। रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के एक न्यासी ने बताया कि दिल्ली में ट्रस्ट की ओर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल, विहिप के केंद्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार व मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने राष्ट्रपति को समारोह के लिए आमंत्रित किया। उप राष्ट्रपति को राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष और विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष ने निमंत्रण पत्र सौंपा। संघ के सर संघ चालक मोहन भागवत को पहले ही आमंत्रण पत्र दिया जा चुका है।
