Azamgarh News: फूलपुर, हिन्दुस्तान संवाद। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित पौराणिक स्थल दुर्वासा धाम में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले तीन दिवसीय मेले के अंतिम दिन गुरुवार की सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। तमसा और मंजूषा नदी के पवित्र संगम पर आस्था की डुबकी लगायी। तत्पश्चात मंदिर में दर्शन-पूजन किये। मेले में दूर दराज से आए दर्शनार्थियों ने जरूरत के सामानों की खरीदारी की। शाम को तीन दिवसीय इस ऐतिहासिक मेला का समापन हो गया। मेला के समापन होने के बाद दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की घर वापसी का सिलसिला भी शुरू हो गया।कार्तिक पूर्णिमा पर दुर्वासा धाम पर तीन दिवसीय मेला लगता है।
Azamgarh News: दुर्वासा धाम पर तीसरे दिन भी रही श्रद्धालुओ की भीड़
मेला के एक दिन पूर्व सोमवार से ही श्रद्धालुओं की बटोर शुरू हो गई थी। मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर तमसा और मंजूषा के संगम में मुख्य स्नान के अलसुबह ही श्रद्धालुओं का तांता उमड़ पड़ा था। मेला में दूर दराज से आए दुकानदारों ने तरह-तरह की दुकानें लगाए हुए थे। तीन दिवसीय मेला के अंतिम दिन गुरुवार को भी तमसा-मंजूषा के संगम में श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। तत्पश्चात मंदिर में दर्शन-पूजन कर दान-पुण्य किये। मेले में लोगों के मनोरंजन के लिए सर्कस, आसमानी झूला, काला जादू, मौत का कुआं और ब्रेक डांस जैसे कई झूले और स्टॉल लगाए गए थे। जिनका बच्चों और युवाओं ने जमकर आनंद लिया। मेले में खुर्जा, बुलंदशहर, बदायूं, इटावा, मैनपुरी सहित अन्य जनपदों से आए व्यापारी अपनी दुकानें लगाए थे। बाहरी व्यापारियों के ठहरने आदि की समुचित व्यवस्था न होने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। फूलपुर तहसील से करीब सात किलोमीटर उत्तर में तीन किलोमीटर की परिधि में फैले इस विशाल मेले में सुरक्षा के लिए फूलपुर, अहरौला और निजामाबाद थानों की पुलिस फोर्स तैनात थी। गुरुवार की शाम को तीन दिवसीय मेला का समापन हो गया। मेला के समापन होते ही दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के वापसी का भी सिलसिला शुरू हो गया।
Azamgarh News: तमसा-मंजूषा के संगम में स्नान कर दर्शन-पूजन
