सिद्धार्थनगर। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित होने वाली राष्ट्रीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में जिले के तीन खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रयागराज में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इनका चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है। प्रतियोगिता से पहले सभी चयनित खिलाड़ी प्रयागराज में आयोजित 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगे।
गांधी आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज, बढ़नी की कक्षा 12 की छात्राएं गायत्री पुत्री संतोष कुमार गुप्ता निवासी मिल कॉलोनी, वार्ड नंबर दो, बढ़नी और सोनी पासवान पुत्री प्रहलाद निवासी खैरहनिया, औदहीं कला का चयन 19 वर्ष आयु वर्ग की बालिका टीम में हुआ है। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश में आयोजित होगी। वहीं, श्री सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज, तेतरी बाजार के छात्र मोहम्मद आफताब का चयन 17 वर्ष आयु वर्ग की बालक टीम में हुआ है। इस वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता गुजरात में होगी। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर संयुक्त शिक्षा निदेशक बस्ती आनंदकर, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, गांधी आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज के प्रबंधक कुणाल शाह और प्रधानाचार्य विजय कुमार वर्मा तथा श्री सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज के प्रबंधक संजय सिंह और प्रधानाचार्य विनय अनमोल ने खुशी जताते हुए बधाई दी।
इसके अलावा टीम कोच शंभूनाथ गुप्ता और रत्नेश सिंह, जिला वॉलीबाल संघ के सचिव मोहम्मद इब्राहिम, बस्ती मंडल सचिव अमित यादव, जिला सचिव दौलत बाबू गुप्ता, रामकरण और डीसी माध्यमिक भारद्वाज शुक्ल ने भी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
