संतकबीरनगर। जिले में दवा की कई दुकानें सिर्फ कागजों में चल रही हैं। शासन के निर्देश पर ड्रग्स विभाग की जांच में अब तक ऐसी 90 दुकानों के बारे में पता चला है। विभाग ने इनके लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं।
विभाग के अनुसार, जिले में खुदरा दवा बिक्री की करीब 3000 दुकानों को लाइसेंस दिया गया है। दवा की दुकान खोलने के लिए फार्मासिस्ट की डिग्री अनिवार्य होती है। शासन को बीते दिनों शिकायत मिली थी कि प्रदेशभर में दवा की फर्जी दुकानें भी संचालित हो रही हैं।
इसके बाद शासन ने ड्रग्स विभाग को इसकी जांच के निर्देश दिए। करीब एक माह से अधिक समय तक जिले में दवा की दुकानों की जांच की गई। अधिकारियों ने जब दवा की दुकानों का भौतिक सत्यापन किया तो पता चला कि 90 दुकानों को जिस पते पर लाइसेंस दिया गया है वे वहां हैं ही नहीं।
आस-पास के लोगों ने भी वहां कभी किसी दवा दुकान के संचालन के बारे में अनभिज्ञता जताई। इस पर विभाग ने इन सभी 90 दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए। विभाग की इस कार्रवाई से फर्जी तरीके से दवा दुकान चलाने वालों में खलबली मच गई है। शहर के अन्य मेडिकल स्टोर संचालक इस प्रयास में रहे यह कार्रवाई किस आधार पर की गई है और आगे की स्थिति क्या हो सकती है।
विभाग ने की लापरवाही या बाद में बंद हो गईं दुकानेंविभाग के अनुसार, जो लाइसेंस निरस्त किए गए हैं वे काफी पुराने हैं।
सवाल उठता है कि क्या जब लाइसेंस दिए गए थे तब दुकानों का सत्यापन नहीं हुआ था। या बाद में लाइसेंस लेने वालों ने दुकानें बंद कर दीं। इसका पता तो जांच के बाद ही चलेगा।
