Azamgarh News: आजमगढ़ में प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने गुरुवार को रानी की सराय स्थित कंपोजिट विद्यालय मोहम्मदल्ला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालय में संचालित स्मार्ट क्लास का निरीक्षण कर डिजिटल माध्यम से दी जा रही शिक्षा की व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान शिक्षकों को निर्देश दिए कि महापुरुषों की जयंती के साथ-साथ राष्ट्रीय, सामाजिक और अन्य विशेष दिवसों पर नियमित पढ़ाई से अलग 10 मिनट का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाए। इसके माध्यम से बच्चों को महापुरुषों के जीवन, संघर्ष, विचारों और आदर्शों से परिचित कराया जाए, ताकि उनमें नैतिक मूल्यों और सामाजिक चेतना का विकास हो सके।
इस अवसर पर मंत्री अनिल राजभर ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं, संस्कार और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही प्रत्येक बच्चे को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाने पर जोर दिया।
इसके बाद मंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रानी की सराय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि आमजन को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान एसीएमओ डॉ. अब्दुल अजीज और पीएचसी अधीक्षक कैप्टन डॉ. मनीष तिवारी ने मंत्री को स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने विकास खण्ड रानी की सराय के जनसंख्या के दृष्टिगत वर्तमान 06 बेड के पीएचसी में विस्तार की संभावनाओं को देखते हुए जनहितार्थ में 25 बेड किये जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होने 25 बेड का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने का निर्देश दिया, जिसे वे शासन स्तर से समन्वय कर करायेंगे। उन्होने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एवं समय पर उपचार उपलब्ध कराना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। हमारा संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर देशभूषण कंडारकर, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी आकाश कुमार, जिला सूचना अधिकारी डॉ0 पंकज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जन प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
