Gorakhpur News: गोरखपुर के ऐतिहासिक बाजारों को नया और खूबसूरत रूप दिया जा रहा है. धर्मशाला बाजार से लेकर पांडेयहाता तक बन रहे विरासत गलियारे में दुकानें और मकान एक ही रंग में नजर आएंगे. खास बात यह है कि इस रास्ते में पड़ने वाले मंदिरों और मस्जिदों को भी एक ही रंग में रंगा जा रहा है. भगवा रंग, सफेद बॉर्डर और काले रंग के दरवाजे-खिड़कियों के साथ पूरा बाजार एक जैसी पहचान में दिखाई देगा. गलियारे को सजाने और संवारने का काम लगभग पूरा होने वाला है. उम्मीद है कि दिसंबर तक यह पूरी तरह तैयार हो जाएगा.
धर्मशाला बाजार से पांडेयहाता तक एक जैसा रंग
गोरखपुर में विरासत गलियारे का काम धर्मशाला बाजार, आर्यनगर, बक्शीपुर, नखास, रेती, घंटाघर और पांडेयहाता तक किया जा रहा है. इस पूरे रास्ते में दुकानों और मकानों के बाहरी हिस्सों को एक ही रंग में रंगा जा रहा है. दीवारों पर भगवा रंग के साथ सफेद बॉर्डर बनाया जा रहा है, जबकि दरवाजों और खिड़कियों की फ्रेम को काले रंग से सजाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- नोएडा के क्लब में देवी-देवताओं पर विवादित प्रस्तुति का आरोप, FIR की मांग
इसकी सबसे खास बात यह है कि रास्ते में पड़ने वाले धार्मिक स्थलों को भी इसी रंग और डिजाइन में तैयार किया जा रहा है. धर्मशाला और जटाशंकर चौराहे के बीच करीब एक किलोमीटर के दायरे में तीन मस्जिद और पांच मंदिर हैं. इन सभी के बाहरी हिस्सों की रंगाई का काम चल रहा है.

दुकानों के साइन बोर्ड भी होंगे एक जैसे
विरासत गलियारे को एकरूपता देने के लिए दुकानों के साइन बोर्ड का डिजाइन भी एक जैसा रखा जाएगा. दुकानदारों के नाम काली पट्टी पर सफेद अक्षरों में लिखे जाएंगे. इससे पूरे बाजार में एक जैसी सजावट दिखाई देगी। साथ ही पुराने बाजार की पहचान भी बनी रहेगी. स्थानीय दुकानदारों और लोगों का कहना है कि एक रंग में दुकानें और मकान रंगने से बाजार पहले से ज्यादा सुंदर दिखाई देने लगा है. लोग इसकी खूबसूरती देखने के लिए पहुंच रहे हैं और सेल्फी लेने के साथ वीडियो और रील बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा कर रहे हैं.
जाम और पार्किंग की समस्या से मिलेगी राहत
विरासत गलियारा बनने से बाजार की सड़कों को भी व्यवस्थित किया गया है. यहां आने वाले लोगों को पार्किंग की सुविधा देने के लिए बंधू सिंह पार्क में व्यवस्था की गई है. इससे बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को गाड़ी खड़ी करने में आसानी होगी और जाम की समस्या भी कम होने की उम्मीद है. निर्माण के दौरान स्थानीय दुकानदारों और लोगों को कुछ परेशानियां जरूर हुईं, लेकिन अब उन्हें इसका फायदा दिखाई देने लगा है.
रात में रोशनी के बीच दिखेगी अलग खूबसूरती
बाजार करने पहुंचीं पूनम तिवारी ने बताया कि पहले घंटाघर में खरीदारी के दौरान जाम की काफी समस्या होती थी. अब सड़क चौड़ी होने से परेशानी कम हुई है. एक रंग में पूरा बाजार सुंदर दिखाई दे रहा है. रात में रोशनी के बीच इसकी खूबसूरती और बढ़ जाती है. वहीं पांडेयहाता में खरीदारी करने पहुंचीं शताक्षी तिवारी ने बताया कि पहले और अब के बाजार में काफी अंतर नजर आ रहा है.
एक जैसी रंगाई से पूरा बाजार आकर्षक लग रहा है. पहले पार्किंग और जाम की समस्या होती थी, लेकिन अब धीरे-धीरे इन परेशानियों से राहत मिल रही है. दीवारों को नमी से बचाने के लिए वाटरप्रूफिंग भी की जा रही है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि दिसंबर में काम पूरा होने के बाद गोरखपुर का यह विरासत गलियारा शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा.


