बागपत। अपर जिला एवं सत्र न्यायालय विशेष एससीएसटी एक्ट की न्यायाधीश शाबिस्ता आकिल ने कुर्डी गांव के फैक्टरी कर्मी नीटू के हत्यारोपी संदीप उर्फ निक्का निवासी गन्नौर जिला सोनीपत की जमानत याचिका खारिज कर दी। इसमें पुलिस ने कई हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
कुर्डी गांव निवासी किसान नरेश ने 16 जुलाई को छपरौली थाने में अपने बेटे नीटू की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। नरेश ने बताया कि उसका बेटा नीटू सोनीपत जिले के गन्नौर में फैक्टरी में आने वाले ट्रकों में सामान लादने का काम करता था, जो छह माह पहले गांव में आकर रहने लगा था। तीन जुलाई को गन्नौर से उसके तीन दोस्त आए और उसे बुलाकर अपने साथ ले गए।
इसके बाद से नीटू का फोन बंद है और वह वापस घर भी नहीं आया। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी संदीप उर्फ निक्का, अरुण निवासी गन्नौर सोनीपत, काला उर्फ रोहित निवासी रसूलपुर करनाल समेत अन्य को जेल भेज दिया था। इसमें जेल में बंद हत्यारोपी संदीप ने न्यायालय में जमानत याचिका दायर कराई, जिसे न्यायाधीश शाबिस्ता आकिल ने खारिज कर दिया।
