बलरामपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों के गांवों और कस्बों में बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित किए गए। सम्मेलनों में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति के नोडल प्रभारी अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय के नेतृत्व में मिशन शक्ति और एंटी रोमियो दल की सदस्यों ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। महिला बीट अधिकारियों ने हरैया सतघरवा और महराजगंज तराई क्षेत्र में ग्राम चौपाल लगाकर महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण का प्रयास किया।
सम्मेलन में दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी दी गई। महिलाओं को बताया गया कि बाल विवाह दंडनीय अपराध है। महिला पुलिसकर्मियों ने बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट से बचाव के तरीके भी बताए। इसके साथ ही शासन की कल्याणकारी योजनाओं के पंपलेट वितरित किए गए।
मिशन शक्ति और एंटी रोमियो दल की सदस्यों ने महिलाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930, एंबुलेंस सेवा 108, स्वास्थ्य सेवा 102 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी दी। मिशन शक्ति केंद्र और परिवार परामर्श केंद्र की कार्यप्रणाली के बारे में बताते हुए महिलाओं को कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, नशा मुक्ति अभियान के तहत मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में भी जागरूक किया गया।
