बलरामपुर। उतरौला रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में पांच युवकों की मौत के बाद प्रशासन ने हादसे के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। प्रभारी जिलाधिकारी हिमांशु गुप्त के निर्देश पर परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की। शुक्रवार को अधिकारियों ने सड़क की चौड़ाई, दृश्यता और आसपास की स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती जांच में सड़क की स्थिति सामान्य पाई गई, जबकि तेज रफ्तार, एक बाइक पर तीन लोगों के सवार होने और यातायात नियमों की अनदेखी को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
एआरटीओ बृजेश कुमार ने बताया कि टीम ने अक्सी बड़हरा के पास उस स्थान का निरीक्षण किया, जहां बुधवार रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में पांच युवकों की जान चली गई थी। निरीक्षण के दौरान सड़क की चौड़ाई और दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही के लिए उपलब्ध जगह पर्याप्त मिली। अधिकारियों के मुताबिक, सड़क पर ऐसा कोई बड़ा अवरोध नहीं मिला, जिससे दुर्घटना होने की आशंका हो।
शुरुआती जांच में दोनों बाइकों की तेज रफ्तार, ट्रिपलिंग और चालकों की लापरवाही हादसे की वजह प्रतीत हो रही है। रात में घना कोहरा होने के कारण कम दृश्यता भी दुर्घटना की एक वजह हो सकती है।
यातायात प्रभारी सुभाष मौर्य ने बताया कि घटनास्थल पर मिले हेलमेट कई टुकड़ों में बिखरे हुए थे। इससे टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हादसे में दोनों मोटरसाइकिलें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं।
एआरटीओ ने बताया कि सर्दियों में सड़क किनारे पेड़-पौधों और घनी झाड़ियों वाले स्थानों पर कोहरा अधिक देर तक बना रहता है। सड़क के आसपास नमी और पानी होने से भी दृश्यता प्रभावित होती है। ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि हादसे के प्रत्येक पहलू की जांच कराई जा रही है। घायलों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। फिलहाल सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पूरे जिले में अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसा दोनों बाइकों की आपस में टक्कर के कारण हुआ है।
