पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान उम्र संबंधी दस्तावेजों में हेराफेरी कर परीक्षा में शामिल होने गए एक अभ्यर्थी को अधिकारियों ने पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने उम्र कम दिखाने के लिए दोबारा हाईस्कूल परीक्षा देने और आधार कार्ड में जन्मतिथि संशोधित कराने की बात स्वीकार की। मामले में शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जिले के इंटरमीडिएट कॉलेज तिंदवारा में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा का केंद्र बनाया गया था। परीक्षा के अंतिम दिन बुधवार को दूसरी पाली में प्रयागराज जिले के फाफामऊ थाना क्षेत्र स्थित सराय गोपाल निवासी आदर्श सिंह परीक्षा दे रहा था। इसी दौरान केंद्र व्यवस्थापक को उसके दस्तावेजों और उम्र को लेकर संदेह हुआ। मामला तत्काल उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया गया। इसके बाद अभ्यर्थी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने उम्र कम दर्शाने के लिए दोबारा हाईस्कूल की परीक्षा देने तथा आधार कार्ड में जन्मतिथि बदलवाकर भर्ती परीक्षा में आवेदन करने की बात स्वीकार की।