बरेली। जिला महिला अस्पताल में इलाज और जांच के लिए पहुंचने वाली गर्भवतियों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। कार्तिक पूर्णिमा के अवकाश के बाद बुधवार को ओपीडी में गर्भवतियों की भीड़ उमड़ी। डॉक्टर को दिखाने से लेकर अल्ट्रासाउंड कराने तक के लिए महिलाओं को घंटों इंतजार करना पड़ा। मरीजों की संख्या अधिक होने के चलते कई महिलाओं को जांच के लिए अगले दिन की तारीख देकर लौटा दिया गया।

जिला महिला अस्पताल में दो अल्ट्रासाउंड मशीनें होने के बावजूद एक से ही गर्भवतियों की जांच की जा रही है। दूसरी मशीन कमरे में धूल फांक रही है। इस वजह से मरीजों को जांच कराने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। संख्या अधिक होने पर कई बार महिलाओं को अगले दिन की तारीख दे दी जाती है।

अस्पताल की ओपीडी में रोज 400-500 महिलाएं आती हैं। इनमें से 90 फीसदी मरीजों को डॉक्टर अल्ट्रासाउंड जांच कराने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन एक ही मशीन संचालित होने की वजह से उन्हें एक से दो घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। बुधवार को यहां दोपहर 12 बजे तक 30 मरीजों की जांच हो चुकी थी, लेकिन संख्या अधिक होने के चलते 50 से अधिक मरीज लाइन में घंटों खड़े होकर इंतजार करते रहे।

दो बजे के बाद ओपीडी बंद हो गई और 30 से अधिक मरीज जांच कराए बिना ही लौट गईं। उन्हें अगले दिन बुलाया गया है। सीएमएस डॉ. त्रिभुवन प्रसाद ने बताया कि गंभीर मरीजों की जांच प्राथमिकता पर की जाती है। जल्द ही दूसरी मशीन से भी जांच आरंभ होगी। रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के लिए शासन से पत्राचार किया गया है।



Source link