बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव की 12 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म और फिर उसकी फंदे पर लटककर मौत के मामले में सीओ मीरगंज ने गांव में ही डेरा डाल दिया है। पुलिस को परिवार के बेहद करीबी शख्स पर संदेह है। जल्दी ही दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार किया जा सकता है।
इलाके के एक गांव की निवासी बालिका 27 अप्रैल की शाम घर के एक कमरे में फंदे पर लटकी मिली थी। बालिका के पिता दिल्ली में काम करते हैं, उसकी मां जब राशन दुकान से लौटीं तो बेटी का शव देखा। उन्होंने पति को वीडियो कॉल के जरिए पूरी स्थिति दिखाई। मौके पर पहुंचे लोगों ने बच्ची को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पोस्टमॉर्टम में खुला राज
शुरू में परिवार किसी कार्रवाई के पक्ष में नहीं था। पुलिस को जानकारी हो गई तो शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। इसमें बुधवार को स्पष्ट हुआ कि बच्ची के साथ पहले दुष्कर्म किया गया था। हालांकि मौत की वजह हैंगिंग (आत्महत्या) होना ही पुष्ट हुआ।
