बरेली में भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने मंगलवार शाम सदर तहसील परिसर से राजस्व लेखपाल विपिन पटेल को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एक प्लॉट की दाखिल खारिज के लिए वह रिश्वत ले रहा था। टीम आरोपी को कोतवाली लाई तो कई लेखपाल जुट गए। कोतवाली का घेराव कर हंगामा किया। एंटी करप्शन टीम पर ही आरोप लगा दिया।
टीम प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवीण सान्याल ने बताया कि पीलीभीत जिले के बिलसंडा थाना के औड़ाझार गांव निवासी लेखपाल विपिन पटेल शहर की सनराइज कॉलोनी में रहता है। इज्जत नगर के करमपुर चौधरी निवासी बली मोहम्मद ने उनके कार्यालय आकर शिकायत की थी। बताया कि उनकी पत्नी शबाना के नाम 171 वर्ग गज के प्लॉट के दाखिल खारिज के लिए उन्होंने लेखपाल विपिन पटेल से जनवरी में संपर्क किया था।
लेखपाल ने इस काम के लिए 30 हजार रुपये की मांग की थी। कुछ रकम वह दे चुके थे। लेखपाल लगातार रिश्वत की रकम बढ़ाता जा रहा है। बली मोहम्मद की शिकायत की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित की गई। प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में टीम ने शाम को लेखपाल कक्ष से आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।