बरेली के बहेड़ी में सेना के हवलदार मनदीप सिंह (39 वर्ष) का शव सोमवार दोपहर को उनके पैतृक गांव गौरीखेड़ा गौटिया पहुंचा। बरेली जाट रेजिमेंट के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद सम्मान के साथ मनदीप सिंह का अंतिम संस्कार किया गया। हवलदार मनदीप सिंह काफी समय से पंजाब के बठिंडा में तैनात थे। दो दिन पूर्व अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी। उनको आर्मी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि हार्ट अटैक से मनदीप सिंह की जान गई थी।
सैन्य अफसरों ने परिजनों को इसकी सूचना दी तो परिजन गांव से बठिंडा के लिए रवाना हो गए। शव का पोस्टमॉर्टम होने के बाद गॉड ऑफ़ ऑनर के साथ ताबूत में शव रखकर परिजनों के साथ सेना के जवान सोमवार की दोपहर गांव पहुंचे। जैसे ही मंदीप के शव के आने की खबर गौरीखेड़ा गौटिया व आसपास के गांव में पहुंची तो लोगों की भीड़ जुड़ गई। बरेली जाट रेजिमेंट ने हवलदार मनदीप सिंह को गॉड ऑफ ऑनर दिया।
बेटे ने दी मुखाग्नि
जाट रेजिमेंट तथा बठिंडा से आए जेसीओ सरदार अवतार सिंह ने मनदीप की पत्नी गगनदीप कौर और पुत्र अगमप्रीत ( 8 वर्ष) व पुत्री गुरलीन (12) को तिरंगा सौंपा। इसके बाद ताबूत पर सबसे पहले मनदीप की मां रंजीत कौर और बड़े भाई जगदीप सिंह ने पुष्प गुच्छ अर्पित किया। मां ने अपने लाल को कुछ देर निहारा और उसके बाद उसका माथा चूमा। नगर से आए तमाम लोगों ने मनदीप सिंह को पुष्प अर्पित किए। इसके बाद मनदीप सिंह के खेत में ही उनका अंतिम संस्कार हुआ। अगमप्रीत ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी।