बरेली नगर निगम के वार्ड-22 खलीलपुर वार्ड की 15 हजार की आबादी गंदा पानी पीने के लिए मजबूर है। इससे दो लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसके बावजूद सिस्टम की नींद नहीं टूटी। कर्मियों की कमी के चलते वार्ड में ठीक से सफाई भी नहीं होती। जगह-जगह गंदगी पसरी रहती है। सीबीगंज थाने के सामने से सुपीरियर फैक्टरी तक सड़क पर गड्ढे बने हुए हैं। अमर उजाला की ओर से रविवार को वार्ड के शिव मंदिर परिसर में आयोजित संवाद में स्थानीय निवासियों ने ये समस्याएं गिनाईं।
वार्ड-22 में खलीलपुर, लेबर कॉलोनी, कैंफर स्टेट, आईटीआर कॉलोनी, वन विभाग कॉलोनी, आंशिक लोहिया विहार, आंशिक बिधौलिया आता है। प्रदीप मौर्य ने बताया कि वार्ड में वर्ष 1986 में पानी की पाइप लाइन डाली गई थी जो जर्जर हो गई है। जगह-जगह लीकेज की वजह से घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है। इससे उनके दो साथियों रोहित व महेश की मौत हो चुकी है।
आदित्य शंकर ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़ा उठान नियमित नहीं हो रहा है। किरायेदारों से शुल्क लेकर उनका कूड़ा उठाया जाता है, लेकिन रसीद नहीं दी जाती। कर्मियों का व्यवहार भी ठीक नहीं रहता। टावर के पास कूड़ा फेंकने का सिलसिला बंद नहीं हो रहा है। व्यापारी अमन गुप्ता ने बताया कि सीबीगंज में कोई शौचालय न होने से आमजन के साथ व्यापारियों को काफी परेशानी हो रही है। राजेश चौहान व मनोज गुप्ता ने बताया कि खलीलपुर रोड पर हनुमान मंदिर की आड़ में अतिक्रमण करके लोग शराब पीते हैं। इसे हटवाया जाए।
