ज्ञानपुर। ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले रोजगार सेवकों ने लंबित मांगों के विरोध में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। 24 हजार मानदेय करने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा समेत अन्य मांगों का ज्ञापन डीएम को सौंपा। 21 से 23 नवंबर तक कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी। डीएम को दिए पत्रक में कहा कि कई साल से सरकार सिर्फ आश्वासन दे रही है। उनके हितों को लेकर कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। लंबे समय से मानदेय वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, ईपीएफ भुगतान और अन्य विभागीय समस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन से निवेदन किया जा रहा है। अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया। इससे प्रदेश के हजारों ग्राम रोजगार सेवकों में नाराजगी है। जिसको लेकर 21 से 23 नवंबर तक कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
मानदेय वृद्धि समेत अन्य मांगों को लेकर कोई निर्णय नहीं हुआ तो 27 नवंबर को कलेक्ट्रेट और तीन दिसंबर को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर संतोष कुमार शुक्ला, अनिल द्विवेदी, आकाश त्रिपाठी, अरुण कुमार मिश्र, आदित्य सिंह चौहान, अरुण व रोशन रावत आदि रहे।
