समर्थ पोर्टल की तकनीकी खामियों के चलते बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (बीयू) में यूजी-पीजी द्वितीय सेमेस्टर का रिजल्ट लटक गया है। इससे 22 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं तृतीय सेमेस्टर की पढ़ाई करने में असमर्थ हैं। जैसे-जैसे समय बीत रहा है, वैसे-वैसे उनकी चिंता और नाराजगी बढ़ती जा रही है। विद्यार्थी ही नहीं, बीयू प्रशासन भी समर्थ पोर्टल की खामियों के आगे असहाय हो रहा है। मामला राज्यपाल तक पहुंच गया है। उन्होंने 29 अगस्त को समर्थ के अफसरों की बैठक बुलाई है।

बीयू समर्थ पोर्टल के माध्यम से प्रवेश और परीक्षाएं करवा रहा है। इसकी तकनीकी खामियों की वजह से प्रवेश प्रक्रिया में बाधा आ रही है। परीक्षा फाॅर्म भरने की तारीख भी करीब छह से सात बार बढ़ानी पड़ी। सूत्र बताते हैं कि बीयू परिसर एवं संबद्ध कॉलेजों में संचालित यूजी-पीजी द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं मई में संपन्न हो गई थीं। बीयू प्रशासन ने जून के अंत तक रिजल्ट जारी करने का दावा किया था, जो 22 अगस्त तक जारी नहीं हुआ। इस वजह से द्वितीय सेमेस्टर के करीब 22 हजार विद्यार्थियों का तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश नहीं हो रहा है। कुछ कॉलेजों ने बिना रिजल्ट और प्रवेश कन्फर्म किए तृतीय सेमेस्टर की पढ़ाई शुरू करवा दी है, तो ज्यादातर कॉलेजों ने पढ़ाई शुरू नहीं कराई है। उनका तर्क है कि जब तक तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश की फीस जमा नहीं होती है, तब तक पढ़ाई शुरू कराना संभव नहीं है।

शासन को भेजी रिपोर्ट

मामले की गंभीरता से बीयू प्रशासन में हलचल है। शासन को भी रिपोर्ट भेजकर हकीकत से अवगत करा दिया गया है। वहीं, राज्यपाल ने समर्थ पोर्टल के अफसरों के साथ 25 अगस्त को बैठक बुलाई थी, जो अब 29 अगस्त को तय हुई है।

यह बोले प्राचार्य

यूजी-पीजी द्वितीय सेमेस्टर का रिजल्ट जारी नहीं हुआ है, तो कैसे तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश कर सकते हैं। जब प्रवेश नहीं हुए तो पठन-पाठन भी शुरू नहीं हुआ है। प्रो. टीके शर्मा, प्राचार्य बिपिन बिहारी महाविद्यालय

द्वितीय सेमेस्टर का रिजल्ट नहीं आया है, इसलिए ज्यादातर विद्यार्थी नहीं आ रहे हैं। अपने स्तर से तृतीय सेमेस्टर की पढ़ाई शुरू कर दी है, मगर फीस किसी की भी जमा नहीं है।-प्रो. एसके राय, प्राचार्य बुंदेलखंड महाविद्यालय

तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश तभी होंगे, जब द्वितीय सेमेस्टर का रिजल्ट आएगा। इससे छात्राओं के बीच में काफी ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। -प्रो. अनुभा श्रीवास्तव, प्राचार्य राजकीय महिला महाविद्यालय

इन्होंने यह बताया

समर्थ पोर्टल की तकनीकी खामी की वजह से द्वितीय सेमेस्टर के परिणाम जारी नहीं होने के संबंध में शासन को अवगत करा दिया है। शासन ने पूरे मामले को काफी गंभीरता से लिया है, जिसके चलते राज्यपाल ने 29 अगस्त को समर्थ पोर्टल के अफसरों की बैठक बुलाई है। -राजबहादुर, परीक्षा नियंत्रक बुंदेलखंड विवि



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें