बदायूं के इस्लामनगर कस्बे के मछली बाजार में शुक्रवार शाम टेंपो और बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों में जमकर बवाल हुआ। इस दौरान लाठी-डंडे चले और पथराव भी किया गया। पुलिस ने इस मामले में 24 नामजद और 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस्लामनगर थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, मछली बाजार क्षेत्र में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। देखते ही देखते उनके बीच लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस कर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस कर्मियों से अभद्रता की। उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा भी उत्पन्न की। पुलिस ने शुक्रवार को ही मौके से नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस अब इन आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी कर रही है।
