बदायूं। कार्तिक पूर्णिमा पर 24 नवंबर को कछला गंगा घाट और मेला ककोड़ा में होने वाले मुख्य गंगा स्नान को लेकर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए 23 नवंबर की सुबह आठ बजे से 25 नवंबर की रात आठ बजे तक जिले में भारी और अन्य वाहनों के आवागमन के मार्ग बदले रहेंगे।

बरेली और बदायूं से कासगंज, एटा, मथुरा, आगरा और हाथरस जाने वाले वाहनों को उझानी-सहसवान तिराहा से सहसवान, गुन्नौर और नरौरा पुल होकर गुजरना होगा। वहीं कासगंज, एटा, मथुरा, आगरा और हाथरस से बरेली-बदायूं आने वाले वाहन भी नरौरा पुल, गुन्नौर और सहसवान होते हुए उझानी पहुंचेंगे।

वहीं, बरेली-बदायूं से कादरचौक रोड या कछला पुल होकर पटियाली, गंजडुंडवारा, अलीगंज और मैनपुरी जाने वाले छोटे-बड़े वाहनों को नवादा चौराहा और दातागंज तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन दातागंज रोड, डहरपुर अथवा केशव मंडी चौक, म्याऊं, उसहैत, कटरा और अटैना पुल होते हुए कम्पिल पुल के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

इसी तरह मैनपुरी, पटियाली, गंजडुंडवारा और अलीगंज से बदायूं-बरेली आने वाले वाहनों को कम्पिल और अटैना पुल से कटरा, उसहैत, म्याऊं होते हुए केशव मंडी चौक अथवा डहरपुर-दातागंज रोड से निकाला जाएगा। एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि यह डायवर्जन मेला ककोड़ा और कछला गंगा स्नान में शामिल होने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों पर लागू नहीं होगा। वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और यातायात पुलिस व ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।



Source link