मेला ककोड़ा। मेला ककोड़ा में आस्था के साथ अब खेलों की भी धूम देखने को मिलेगी। खेल विभाग की ओर से मेला परिसर में स्टेडियम तैयार कर दिया गया है। इसमें 23 नवंबर को कबड्डी, दौड़ और वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में मेला में कल्पवास कर रहे पुरुष कल्पवासी ही टीमें बनाकर हिस्सा लेंगे। विजेता पुरस्कृत भी किए जाएंगे।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अमित रिछारिया ने बताया कि कल्पवासियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने और मेले में खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेलों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए स्टेडियम में कबड्डी, वॉलीबॉल कोर्ट और दौड़ के लिए ट्रैक तैयार किया गया है। मैदान की साफ-सफाई, चूना डालने और बैठने की व्यवस्था का काम भी पूरा कर लिया गया है।
आयोजन में पुरुष कल्पवासी ही प्रतिभाग करेंगे। कबड्डी में टीमों के बीच मुकाबले होंगे, वहीं दौड़ में अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कल्पवासियों की टीमें आमने-सामने होंगी। विजेता और उपविजेता टीमों व खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
मेले में आए श्रद्धालुओं का कहना है कि पूजा-पाठ के साथ खेलों का आयोजन होने से मेले में उत्साह और बढ़ गया है। बुजुर्ग कल्पवासी भी इस आयोजन को लेकर काफी उत्साहित हैं। कई कल्पवासियों को इन प्रतियोगिताओं की जानकारी पहले से ही थी, इस कारण वे कई दिन से सुबह-शाम अभ्यास करते आ रहे हैं।
