बदायूं में चार बच्चों को जन्म देने वाली महिला की बुधवार को मौत हो गई। उसने मंगलवार रात ऑपरेशन से तीन बेटियों और एक बेटे को जन्म दिया था। इनमें एक बच्ची मृत पैदा हुई थी। प्रसव के कुछ घंटे बाद महिला की हालत बिगड़ गई। उसे बरेली के निजी अस्पताल रेफर किया
.

अब पूरा मामला जानिए…
ऑपरेशन से चार बच्चों को दिया था जन्म
मूसाझाग थाना क्षेत्र के करौलिया गांव के रहने वाले रामबाबू राजमिस्त्री हैं। उनकी शादी करीब तीन साल पहले एकता से हुई थी। मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे एकता को प्रसव पीड़ा हुई तो परिजन उसे शहर के सुधीर नर्सिंग होम लेकर पहुंचे।
वहां गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. लतिका फोगाट ने अल्ट्रासाउंड कराया। जांच में पता चला कि एकता के गर्भ में चार बच्चे हैं। इनमें से एक की गर्भ में ही मौत हो चुकी थी। डॉक्टर ने महिला की हालत को देखते हुए ऑपरेशन करने का फैसला लिया।
मंगलवार रात करीब दो बजे ऑपरेशन से चार बच्चों का जन्म हुआ। इनमें तीन बेटियां और एक बेटा था। एक बच्ची मृत पैदा हुई, जबकि दो बेटियों और एक बेटे को जिला महिला अस्पताल के SNCU में भर्ती कराया गया।
प्रसव के कुछ घंटे बाद बिगड़ी हालत
प्रसव के कुछ घंटे बाद एकता की हालत बिगड़ने लगी। उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। इसके बाद परिजन उसे बरेली के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अस्पताल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार दोपहर बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
तीनों नवजातों का अस्पताल में चल रहा इलाज
एकता की मौत के बाद अब तीनों नवजातों की देखरेख की जा रही है। दो बेटियों और एक बेटे को जिला महिला अस्पताल के SNCU में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
पहले भी हो चुका था मिसकैरेज
एकता की बुआ लक्ष्मी ने बताया कि इससे पहले भी गर्भावस्था के दौरान उसका मिसकैरेज हो गया था। उस समय भी उसे बेटी हुई थी। दूसरी बार गर्भवती होने पर एकता ने चार बच्चों को जन्म दिया, लेकिन इनमें से एक बच्ची को बचाया नहीं जा सका।
डॉ. लतिका फोगाट के मुताबिक, एकता सात महीने की गर्भवती थी।
यह खबर भी पढ़ें…
बदायूं में महिला ने 4 बच्चों को जन्म दिया:एक बच्ची की मौत, तीन फिट, पति बोला- पहली बार मिसकैरिज हो गया था

बदायूं में एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। इनमें तीन बेटियां और एक बेटा है। जन्म के समय बच्ची मृत पैदा हुई। बाकी तीन बच्चे स्वस्थ हैं। उसका ऑपरेशन शहर के प्राइवेट हॉस्पिटल में मंगलवार देर शाम करीब 7.30 बजे हुआ।
एक साथ चार बच्चों को जन्म देने के बाद महिला और बच्चों की हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। तीनों बच्चों को एसएनसीयू वार्ड में शिफ्ट किया गया। जबकि महिला का भी इलाज चल रहा है। पढ़िए पूरी खबर…
