पीडीडीयू नगर। सर्दी और कोहरे में ट्रेनों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल ने विभिन्न विभागों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ठंड की शुरुआत हो चुकी है और कोहरा भी पड़ने लगा है। 23 नवंबर की रात बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस के इंजन में सवार होकर डीआरएम उदय सिंह मीना ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर से गया तक निरीक्षण किया। मंडल रेल प्रबंधक ने कवच प्रणाली युक्त हिस्से में उसकी कार्यप्रणाली की निगरानी की। उन्होंने इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों की ओर से रात में की जा रही रेलपथ पेट्रोलिंग का भी जायजा लिया। ऐसे में ट्रैक के पास दूरस्थ सिग्नल और सिग्नल साइटिंग बोर्ड के स्थान पर चूने से निशान लगाने तथा सिग्नल बोर्ड, बैरियर और सिग्नल पोस्ट पर चमकदार पट्टियां लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इंजीनियरिंग विभाग को रेल पटरियों के जोड़, फिश प्लेट, एलडब्ल्यूआर और सीडब्ल्यूआर की जांच एवं मरम्मत पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। ठंड के दौरान पटरियों की निगरानी के लिए पेट्रोलिंग की व्यवस्था करने, कर्मचारियों को जीपीएस ट्रैकर उपलब्ध कराने और रेल तापमान का रिकॉर्ड रखने पर जोर दिया गया है।




Source link