मिर्जापुर। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत जिले में दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी और चार पहिया वाहनों में काली फिल्म के इस्तेमाल के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों के प्रति 2907 लोगों को जागरूक किया गया। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के तहत दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और चार पहिया वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने वालों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी गई। वाराणसी जोन के नौ जिलों में अभियान के दौरान कुल 8025 लोगों को जागरूक किया गया। वहीं 893 वाहनों का चालान कर पांच लाख 74 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
मिर्जापुर परिक्षेत्र में सर्वाधिक 2907 लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी नहीं बैठाने और चार पहिया वाहनों में काली फिल्म का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।