जौनपुर में हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार रात वह पिता के साथ तेरहवीं कार्यक्रम से घर लौटा था। तभी दोस्त का फोन आने पर पिता से थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर चला गया। रात करीब एक बजे परिजनों को सूचना मिली कि वह घायल अवस्था में पड़ा
.
परिजन मौके पर पहुंचे तो हिस्ट्रीशीटर के सीने में गोली लगी थी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज हैं। मामला केराकत कोतवाली क्षेत्र का है।

जौनपुर में हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिसके बाद पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया है।

हिस्ट्रीशीटर गुलाब पाल पर हत्या के प्रयास, लूट और रंगदारी समेत 11 मुकदमे दर्ज हैं।
अब जानिए पूरा मामला
बलाईपुर बैरगिया गांव में पतिराम पाल अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका बेटा गुलाब पाल (30) हिस्ट्रीशीटर था। वह तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसकी शादी अगले साल मई में तय थी। पुलिस के मुताबिक, वह करीब दो महीने पहले जेल से छूटकर आया था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और रंगदारी समेत 11 मुकदमे दर्ज थे।
सोमवार रात एक बजे परिजनों को सूचना मिली कि गुलाब पंचायत भवन के पास घायल पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे तो वह गंभीर रूप से घायल था। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस गुलाब को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) केराकत ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके सीने में गोली लगी थी।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पांच थानों की पुलिस फोर्स भी पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। फॉरेंसिक और सर्विलांस टीमें साक्ष्य जुटाने में लगी हैं।

हिस्ट्रीशीटर की हत्या की सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिखलते रहे।
पड़ोसी गांव के सबलू ने फोन कर दी सूचना
मृतक के चचेरे भाई ने बताया कि रात करीब एक बजे पड़ोसी गांव के सबलू ने फोन कर गुलाब के घायल होने की जानकारी दी थी। पूछने पर सबलू ने बताया कि उसे गुलाब के दोस्त ने घटना के बारे में बताया था।
पुलिस के मुताबिक, गांव में गुलाब की कई लोगों से दुश्मनी थी। इसी आधार पर आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। वारदात के समय घटनास्थल पर कौन मौजूद था और हत्या किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाया जा रहा है।

चचेरे भाई ने बताया- रात एक बजे पड़ोसी गांव के सबलू ने फोन कर गुलाब के घायल होने की जानकारी दी थी।
चार संदिग्धों को चिह्नित कर पूछताछ
पुलिस ने मामले में चार लोगों को चिह्नित किया है। घटनास्थल पर सबसे पहले सूचना देने वाले व्यक्ति के वहां से चले जाने के पहलू की भी जांच की जा रही है। सीओ केराकत गिरेन्द्र कुमार ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से बलाईपुर गांव में गोली चलने की सूचना मिली थी। फॉरेंसिक और सर्विलांस टीमें साक्ष्य जुटा रही हैं। कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
————————-
ये खबर भी पढ़िए….
पीलीभीत में कारोबारी भाइयों समेत 3 की अंधाधुंध फायरिंग कर हत्या, रामलीला के चंदे के विवाद में वारदात

पीलीभीत में दो सगे कारोबारी भाइयों समेत 3 लोगों की हत्या कर दी गई। एक व्यक्ति की हालत गंभीर है। पुलिस के मुताबिक, रामलीला कमेटी के चंदे को लेकर वारदात हुई। सोमवार रात 9:30 बजे कारोबारी भाई दूसरे गुट के घर पहुंचे। इसी दौरान कहासुनी हो गई।
दूसरे गुट के लोगों ने घर से लाठी-डंडे निकालकर दोनों भाइयों को पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों भाई और उनके साथ गया रिश्तेदार घायल हो गए। रास्ते से गुजर रहे एक राहगीर को भी गोली लग गई। पढ़ें पूरी खबर…
