Farmers troubled by DAP shortage; queues for fertilizer begin as early as 5 a.m.

शहाबगंज में डीएपी के लिए उमड़ी किसानों की भीड़। स्रोत:-जागरूक पाठक

शहाबगंज। रबी की बोआई के बीच डीएपी की किल्लत किसानों की परेशानी बढ़ा रही है। शुक्रवार को बी-पैक्स शहाबगंज समिति पर 600 बोरी डीएपी पहुंचने की सूचना मिलते ही खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। किसान सुबह पांच बजे से ही आधार कार्ड और जरूरी कागज लेकर कतार में लग गए। दोपहर तक इंतजार के बावजूद कई किसानों को बिना खाद लिए ही लौटना पड़ा। सीमित स्टॉक के बीच वितरण के दौरान अव्यवस्था और हंगामे की स्थिति बन गई।


किसानों की बढ़ती भीड़ और नाराजगी को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहाबगंज पुलिस बुलानी पड़ी। किसान श्रीप्रकाश सिंह और जावेद खान ने समिति कर्मचारियों पर पक्षपात का आरोप लगाया। उनका कहना था कि प्रभावशाली और चहेते लोगों को खाद दी गई, जबकि सुबह से कतार में खड़े किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा।

किसानों ने बताया कि एक आधार कार्ड पर अधिकतम पांच बोरी खाद दी गई। किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि फार्मर्स रजिस्ट्रेशन, किसान आईडी और आधार कार्ड बनवाने के बाद भी किसानों को खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि समितियों पर खाद की उपलब्धता और वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित होनी चाहिए।

उन्होंने खाद वितरण में भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप लगाते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की। किसानों का कहना है कि खेती के महत्वपूर्ण समय में खाद के लिए घंटों कतार में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटना उनकी परेशानी बढ़ा रहा है। इस संंबंध में प्रभारी एडीओ कोआपरेटिव सौरभ राय ने बताया कि समिति पर खाद मिली थी, उसे किसानों में वितरित कर दिया गया। डिमांड की गई है। खाद आते ही वितरित कर दी जाएगी।



Source link