When the revenue team failed to arrive, they staged a sit-in protest over the issue of a pathway.

मड़िहान में रास्ते को लेकर धरने पर बैठे ग्रामीण, संवाद

मड़िहान। तहसील क्षेत्र के राजापुर ग्राम पंचायत के बलुअहवा गांव में रास्ते की समस्या को लेकर बुधवार को एसडीएम का घेराव और आश्वासन मिलने के बाद भी बृहस्पतिवार को राजस्व कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे नाराज गांव की महिलाएं और पुरुष पुरानी सड़क पर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।


बुधवार को ग्रामीणों ने तहसील पर उपजिलाधिकारी मड़िहान का घेराव कर पत्रक सौंपा था। एसडीएम संतोष कुमार ओझा ने नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में टीम गठित कर जल्द रास्ता दिलाने का आश्वासन दिया था। ग्रामीणों का आरोप है कि आदेश के बाद भी बृहस्पतिवार को कोई राजस्व कर्मी गांव नहीं पहुंचा। इससे नाराज होकर महिलाएं और पुरुष पुरानी सड़क पर धरने पर बैठ गए।

ग्रामीणों का कहना है कि करीब 70 वर्ष से बसी बस्ती के लोग इसी रास्ते से आवागमन करते थे, लेकिन दबंग किसानों ने रास्ते पर कब्जा कर तार-बाली और झाड़ी-झंखाड़ रखकर बंद कर दिया है। रास्ते में झटका करंट तक जोड़ दिया गया है। रास्ता बंद होने से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं, बीमारों को इलाज के लिए ले जाने में परेशानी हो रही है और मजदूर मजदूरी करने नहीं जा पा रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें केवल आठ फीट का रास्ता चाहिए, ताकि उनका दैनिक जीवन सुचारु रूप से चल सके।

उपजिलाधिकारी संतोष कुमार ओझा ने बताया कि संक्रमणीय भूमि के किसानों ने अपना पक्ष रखने के लिए एक दिन का समय मांगा था। शुक्रवार को ग्रामीणों की समस्या के निस्तारण के लिए कार्रवाई की जाएगी।



Source link