मोहनिया। तेलंगाना में पोल्ट्री फार्म पर काम करने के दौरान चार महीने की बकाया मजदूरी मांगना कैमूर की महिला और पति को महंगा पड़ गया।
भभुआ के वार्ड-19 गवई मोहल्ला निवासी गुड़िया देवी ने पोल्ट्री फार्म संचालक और उसके सहयोगियों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आरोपियों ने मोबाइल, लैपटॉप और सोने के गहने छीनने के साथ ही यूपीआई से उसके खाते से रुपये भी ट्रांसफर करा लिए। मामले में भभुआ थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। गुड़िया ने बताया कि 11 सितंबर को तेलंगाना स्थित श्रीनिवास रेड्डी पोल्ट्री फार्म के संचालक और उनके सहयोगी उसके घर पहुंचे थे।
वे उसके पति मुन्ना सिंह को मजदूरी के लिए साथ तेलंगाना ले गए। अगले दिन गुड़िया देवी पति और आठ वर्षीय बेटे कृष्ण पटेल तथा 12 वर्षीय बेटी आस्था पटेल के साथ वहां पहुंची। 15 सितंबर से महिला को सुपरवाइजर और उसके पति को काम पर लगाया गया।
महिला को 12 हजार और पति को 18 हजार रुपये मजदूरी देने की बात तय हुई थी। जून से सितंबर 2026 तक चार महीने की कुल एक लाख 20 हजार रुपये मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया।
भभुआ थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि तहरीर पर जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कार्रवाई के लिए प्राथमिकी तेलंगाना के संबंधित थाने को भेज दी है। संवाद
