सैदपुर थाना क्षेत्र के भीमापार गांव में एक विवाहिता अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ दो दिनों से ससुराल के घर के बाहर रहने को मजबूर है। विवाहिता पूजा सोनी ने पति, सास और देवर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और घर में ताला बंद कर प्रवेश नहीं देने का आरोप लगाया है। विवाहिता ने प्रशासन से न्याय दिलाने और ससुराल में रहने की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई है।

आजमगढ़ जिले के खरिहानी क्षेत्र के भोरिकपुर गांव निवासी पूजा सोनी की शादी 25 जून 2019 को भीमापार निवासी अनिल कुमार सोनी के साथ हुई थी। दंपती की एक बेटी रोशनी है। पूजा का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। पति, सास और देवर आए दिन मारपीट और दुर्व्यवहार करते थे। इससे परेशान होकर उसे मायके में रहना पड़ा।

पूजा के मुताबिक, दो दिन पहले वह अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ ससुराल लौटी थी। लेकिन पति और ससुराल के अन्य लोगों ने मकान में ताला बंद कर दिया। उसे घर में प्रवेश नहीं दिया गया। तब से वह बेटी के साथ घर के बाहर बैठी है।

वहीं, पति अनिल कुमार सोनी का कहना है कि पत्नी ने मायके के संबंधित थाने में दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई भी हुई है और अब प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। उन्हें आशंका है कि पत्नी घर में आने के बाद दोबारा कोई गलत आरोप लगाकर फंसा सकती है। इसलिए कोर्ट के आदेश या निर्णय के बाद ही उसे घर में प्रवेश देंगे। सैदपुर क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा ने बताया कि पीड़िता की ओर से तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।



Source link

अभी अभी की खबरें