Chandauli News: चंदौली जिले के माधोपुर गांव में श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को पूरे दिन गांव में तैयारियों का सिलसिला युद्धस्तर पर चलता रहा। कथा के आयोजन को लेकर पूरे माधोपुर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। गुरुवार यानी 26 नवंबर को दोपहर दो बजे से कथा का शुभारंभ होगा। इसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

कथा आयोजन को लेकर बुधवार को कथा पंडाल को अंतिम रूप देने का काम देर रात तक जारी रहा। वहीं, माधोपुर कथास्थल तक पहुंचने वाले रास्तों की साफ-सफाई और मरम्मत कराई गई। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी दुरुस्त की गई। पंडाल और उसके आसपास के क्षेत्र को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया है। श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों पर भी रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही कथा में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण के लिए लड्डू आदि तैयार करने में कारीगर जुटे रहे।

इस दौरान आयोजन के मुख्य सूत्रधार एवं पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने अपने समर्थकों के साथ कथा पंडाल सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित लोगों को निर्देशित किया कि कथा सुनने के लिए आने वाले किसी भी श्रद्धालु और अतिथि को असुविधा नहीं होनी चाहिए। अतिथियों के स्वागत, सत्कार, सेवा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि बाहर से आने वाले लोग माधोपुर की मेहमाननवाजी को याद रखें।पूर्व विधायक ने ग्रामीणों से भी कथा को उत्सव के रूप में मनाने और आयोजन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। इसके पूर्व बुधवार की अलसुबह उन्होंने माधोपुर गांव में जनसंपर्क किया। इस दौरान वह स्वयं एक-एक ग्रामीण के दरवाजे पर पहुंचे और लोगों को कथा श्रवण के लिए आमंत्रित किया।

आयोजन के संबंध में बताया गया कि 26 नवंबर को दोपहर दो बजे से श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ होगा। कथा वाचन कथावाचिका पंडित गौरांरी गौरी द्वारा किया जाएगा। उनके मुखारविंद से श्रद्धालुओं को भागवत कथा का श्रवण करने और आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।गौरतलब है कि माधोपुर में पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के पिता स्वर्गीय रामअवध सिंह की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर इस श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए पिछले एक पखवारे से तैयारियां चल रही थीं, जिन्हें बुधवार को अंतिम रूप दे दिया गया। अब गांव में कथा के शुभारंभ और श्रद्धालुओं के आगमन का इंतजार है।



Source link

अभी अभी की खबरें