डीजे पर डांस को लेकर हुए विवाद में तीन युवकों के साथ मारपीट की गई। शुक्रवार देर रात हुई इस घटना में तीनों युवक घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने मऊ थाना में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। नगर पंचायत मऊ के आजाद नगर निवासी सुमित निषाद अपने साथियों दीपक और प्रियांशु के साथ बारात से लौट रहे थे। मवई गांव स्थित सरकारी स्कूल के पास मोनू, सुनील और एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली।
आरोपियों ने लाठी-डंडों और फरसे से उन पर हमला कर दिया। मारपीट में सुमित के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि उसके साथियों को भी चोटें लगीं। राहगीरों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊ में भर्ती कराया। आरोपियों ने मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ की। स्थानीय लोगों ने बताया कि डीजे में कहासुनी को लेकर यह विवाद शुरू हुआ था। शोर सुनकर बारात से लौट रहे कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया। उन्होंने किसी तरह तीनों युवकों की जान बचाई। थानाध्यक्ष श्री प्रकाश यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
