कोंच। मूंग की तौल के नाम पर किसानों से 1200 रुपये प्रति क्विंटल मांगने के आरोप में न्याय पंचायत किशुनपुरा-सोसाइटी पहाड़गांव के सचिव सुभाषचंद्र प्रजापति को निलंबित कर दिया गया है। किसानों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एआर को-ऑपरेटिव को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मामले की जांच एसडीएम कोंच अभिनव कुमार को सौंपी गई है।

कोंच तहसील क्षेत्र के ग्राम नरी निवासी हरिहर कुमार, अनिल कुमार और उनकी माता सावित्री ने मंगलवार को जिलाधिकारी से लिखित शिकायत की थी। किसानों ने बताया कि उनका मूंग क्रय केंद्र न्याय पंचायत किशुनपुरा सोसाइटी पहाड़गांव कृषि मंडी कोंच में है। आरोप है कि छह अगस्त को सचिव ने क्रय केंद्र पर उनकी मूंग मंगवाकर ग्रेडिंग करा ली थी।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सचिव ने केवल हरिहर कुमार के नाम पर रजिस्ट्रेशन किया और मूंग की तौल कराने के एवज में 1200 रुपये प्रति क्विंटल देने का दबाव बनाया। किसानों के अनुसार उन्होंने कई बार सचिव से तौल कराने का अनुरोध किया, लेकिन उनकी मूंग की तौल नहीं की गई। करीब एक माह से मूंग से भरा ट्रैक्टर कोंच मंडी में खड़ा है। बारिश के मौसम में मूंग खराब होने की आशंका से किसान परेशान हैं।

किसानों ने शिकायत में यह भी बताया कि सचिव से हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है। उन्होंने रिकॉर्डिंग के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एआर को-ऑपरेटिव शिवकुमार को सचिव के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सुभाषचंद्र प्रजापति को निलंबित कर दिया गया। साथ ही मामले की जांच एसडीएम कोंच अभिनव कुमार को सौंपी गई है।

वहीं, सचिव सुभाषचंद्र प्रजापति ने किसानों के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप सही नहीं हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *