मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उच्च शिक्षा के शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा का तोहफा रविवार को देंगे। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी कैंपस में शनिवार को मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी चलती रही। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप सिंह ने निरीक्षण भी किया। एक स्टॉल में विवि की तरफ से म्यूजियम भी बनाया जा रहा है।
छत्रपति शिवाजी ऑडिटोरियम खंदारी कैंपस में मुख्यमंत्री इस योजना का उद्घाटन करेंगे। इससे विवि के स्थायी और संविदा शिक्षकों को मुफ्त इलाज कराने का लाभ मिलेगा। कैंपस में स्वागत द्वार भी बनाया गया है। ऑडिटोरियम में प्रवेश के लिए दो रास्ते बनाए गए हैं, एक से वीआईपी आगमन होगा। विवि की तरफ से 12 स्टॉल लगाए जा रहे हैं। इनमें पुराने सिक्के, पांडुलिपि के साथ पुराने ग्रंथ भी होंगे। अन्य विश्वविद्यालयों और कॉलेजों की स्टॉल भी रहेंगी। कुलसचिव अजय मिश्रा ने बताया कि करीब एक घंटे से अधिक समय तक सीएम कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।