झांसी। महानगर में 9.73 करोड़ रुपये से नगर निगम सड़क, डिवाइडर, नाली से लेकर सुंदरीकरण का काम करवाएगा। 15वें वित्त आयोग निधि के तहत तैयार कार्ययोजना को समिति की मुहर लग गई है। इसके तहत 15 पिछड़े वार्डों में भी 3.27 करोड़ से स्ट्रीट लाइटें लगवाई जाएंगी।
नगर निगम को 15वें वित्त के तहत 23.17 करोड़ रुपये शासन से मिले हैं। इसकी कार्ययोजना तैयार करके मंजूरी के लिए समिति भी गठित है, जिसके अध्यक्ष मेयर और सचिव नगर आयुक्त होते हैं। वहीं, जिलाधिकारी, जेडीए उपाध्यक्ष और लोकनिर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता सदस्य होते हैं। इस समिति के समक्ष ही कार्ययोजना रखी गई, जिसे मंजूर कर लिया गया है। बताया गया कि 63.19 लाख से अग्रसेन चौराहा से इलाइट चौराहा तक डिवाइडर का निर्माण कार्य कराया जाएगा। कचहरी चौराहा से बस स्टैंड की दायीं ओर हरित पट्टी का निर्माण अथवा सौंदर्यीकरण का काम होगा। इसके अलावा वार्ड सात, नौ, 20, 23, 28, 32, और 49 में सड़क, नाली आदि का निर्माण होगा। वार्ड एक, तीन, नौ, 13, 15, 21, 22, 23, 24, 30, 31, 32, 39, 41 और 50 में प्रत्येक वार्ड में विभिन्न स्थलों पर स्ट्रीट लाइटों समेत 45-45 पोल लगाए जाएंगे। कुछ अन्य कार्य भी विभिन्न वार्डों में करवाए जाएंगे। नगर आयुक्त आकांक्षा राणा का कहना है कि जल्द ही इन कामों की निविदा निकाली जाएगी। निविदा प्रक्रिया पूर्ण होते ही निर्माण कार्य शुरू होंगे।
