Crowd record broken on the first day of the year at Taj traffic jam throughout the day crawling vehicle

Agra News
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार


ताज के दीदार के लिए भीड़ ने साल के पहले दिन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। करीब 70 हजार सैलानी पहुंचे। पिछले साल यह संख्या 35 से 40 हजार के बीच थी। टिकट की खिड़की से लेकर प्रवेश और मुख्य द्वार और गुंबद तक लंबी-लंबी कतार लगी रही। हालात ये रहे कि मुख्य गुंबद तक पहुंचने में सैलानियों को 3 घंटे तक लग गए।

ताजमहल में पिछले साल एक जनवरी को 35 हजार सैलानियों ने टिकट खरीदे थे। जबकि इस साल यह आंकड़ा करीब 45 हजार पहुंच गया। पूर्वी गेट पर तीन और पश्चिमी गेट पर सैलानियों के लिए पांच टिकट काउंटर खोले गए बावजूद इसके भीड़ के भारी दबाव में सैलानियों को ताज में प्रवेश के लिए एक घंटे तक कतार में इंतजार करना पड़ा। आमतौर पर दंपती के साथ बच्चे भी होते हैं। 15 साल से कम आयु वर्ग के छात्र-छात्राएं और वीआईपी पर्यटकों को शामिल कर लिया जाए तो सोमवार को सैलानियों की संख्या करीब 70 हजार पहुंचती है।

दिल्ली की बच्ची गिरी, पांच टांके लगे

परिवार के साथ ताजमहल घूमने आई चार वर्षीय बच्ची भावना गिर पड़ी। पर्यटन थानाध्यक्ष नीलम राणा ने बताया की बच्ची के परिजन फोटो ले रहे थे, इसी दौरान बच्ची ताजमहल के अंदर सीढि़यों से गिर गई। उसके माथे पर चोट लगी थी। घायल बच्ची को एंबुलेंस से शांति मांगलिक अस्पताल भेजा गया, जहां उसके माथे पर 5 टांके लगाए गए। उपचार के बाद पिता चंदन सिंह (निवासी भजनपुरा) बेटी को साथ लेकर चले गए।

दो पर्यटकों का रक्तचाप गिरा

मौसम के मिजाज से दो सैलानियों का रक्तचाप गिरने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। जिन्हें उपचार के लिए शांति मांगलिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिल्ली की जाफराबाद निवासी 40 वर्षीय महिला शमा खान का बीपी लो हो गया, जिन्हें तत्काल ही एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। वहीं तेलंगाना के 35 वर्षीय पुरुष रमेश निवासी संगरेड्डी मंडल मेंडाक को चक्कर आने पर तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। जांच में चिकित्सक ने बीपी लो और डिहाइड्रेशन बताया। प्राथमिक उपचार के बाद रमेश को भी परिजन अपने साथ ले गए।

सर्वर की भी रही समस्या

 ताजमहल के संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेई ने बताया कि ताज पर सोमवार को रिकॉर्ड पर्यटकों की आवाजाही रही। हालांकि सही संख्या की जानकारी मंगलवार को ही हो पाएगी। सोमवार को सर्वर की समस्या के चलते टिकटों की सही संख्या बताना मुश्किल है। यह तय है कि पिछले साल से काफी अधिक भीड़ थी। सैलानियों की संख्या ने क्रिसमस का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *