भरथना। ई-रजिस्ट्रेशन व्यवस्था के विरोध में प्रदेश के साथ कस्बे में निबंधन कार्यालयों में चल रही दस्तावेज लेखकों की हड़ताल शासन स्तर पर हुई वार्ता के बाद सोमवार को स्थगित कर दी गई।


दस्तावेज लेखक संघ भरथना के अध्यक्ष संजय यादव ने बताया कि 20 जून को लखनऊ में स्टांप और पंजीयन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं दस्तावेज लेखक संघ के पदाधिकारियों के बीच ई-रजिस्ट्रेशन नियमावली-2024 व फ्रंट ऑफिस परियोजना को लेकर वार्ता की गई। बैठक में संघ ने ई-रजिस्ट्रेशन नियमावली-2024 में दस्तावेज लेखक नियमावली-1977 के नियम छह व सात को शामिल करने व ई-रजिस्ट्रेशन व्यवस्था में निजी संस्थाओं को कार्य न दिए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। वार्ता के दौरान विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि दस्तावेज लेखक नियमावली-1977 के नियम छह व सात को ई-रजिस्ट्रेशन नियमावली-2024 में उचित स्थान पर शामिल किए जाने का प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजा जाएगा। स्पष्ट किया गया कि पंजीकरण व्यवस्था का निजीकरण नहीं किया जा रहा है। ई-रजिस्ट्रेशन नियमावली-2024 के तहत निजी बिल्डरों या निजी संस्थाओं को कार्य देने का फिलहाल कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

संजय यादव ने बताया कि शासन के आश्वासनों के बाद दस्तावेज लेखक संघ के प्रदेश पदाधिकारियों ने आपसी सहमति से हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया है। इसके बाद सोमवार से निबंधन कार्यालयों में दस्तावेज लेखकों ने फिर से कार्य शुरू कर दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *