झांसी। देहात तो दूर की बात शहर में ही बिजली चोरी रुकने का नाम नहीं ले रही है। शहर में बिजली चोरी के मामले में 100 फीडर चिह्नित किए गए हैं, जिनमें 30 फीसदी से ज्यादा के 10 फीडर है। ये हालात तब है जबकि अधिकारी बिजली चोरी पकड़ने के लिए टीमों के चेकिंग करने का दावा कर रहे हैं।
बिजली चोरी रोकने के लिए विभागीय विजिलेंस की टीमों के साथ-साथ इंजीनियर आदि की भी टीमें लगी हैं। अधिकारी दावा करते हैं कि हाई लॉस (बिजली चोरी) से प्रभावित फीडर के क्षेत्र में दिनरात सघन चेकिंग की जा रही है तब भी बिजली चोरी रुकने का नाम नहीं ले रही है। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि तालपुरा फीडर से 36 फीसदी, पिछोर से 32 फीसदी, राजगढ़ मैन रोड फीडर से 31 फीसदी, शिव शंकर नगर फीडर से 30.9 फीसदी, नंदनपुरा फीडर से 30.2 फीसदी, उन्नाव गेट बाहर फीडर से 31.3 फीसदी, खंडेराव गेट फीडर से 32.6 फीसदी, आईटीआई फीडर से 33.3 फीसदी और झोकन बाग फीडर से 30.6 फीसदी बिजली चोरी (लाइन लॉस) हो रहा है। अधिशासी अभियंता कॉमर्शियल-दो रविंद्र कुमार ने बताया कि शहर के हाई लॉस फीडर की सूची सघन चेकिंग व बिजली चोरी रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों के भेज दी है।
0- दावा: 15 दिन में 32 जगह पकड़ी बिजली चोरी
बिजली विभाग के अधिकारियों का दावा है कि उनकी टीमों ने नंदनपुरा, रानी महल, हंसारी, बिजौली, सीपरी बाजार आदि क्षेत्र में 15 दिन के अंदर 32 जगह बिजली चोरी पकड़ी है। रात में हुई चेकिंग के दौरान कहीं चोरी की बिजली से कूलर चलते मिले तो कहीं एयर कंडीशन। बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवा दी है।
