फोटो: 07:::: बैठक में शामिल लेखपाल, प्रधान व ग्राम सचिव। स्रोत विभाग
एक जनपद-एक नदी अभियान के तहत होंगे काम
लेखपालों को पैमाइश के निर्देश, पौधारोपण भी होगा
संवा न्यूज एजेंसी
जसवंतनगर। शासन की एक जनपद-एक नदी योजना के तहत गुरुवार को ब्लॉक सभागार में एसडीएम कुमार सत्यम जीत की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिरसा नदी की पैमाइश कर अवैध कब्जों को हटाने, नदी क्षेत्र का सीमांकन करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण कराने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
एसडीएम कुमार सत्यम जीत ने कहा कि कई स्थानों पर नदियों पर अतिक्रमण होने से उनका प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हुआ है। नदियां संकरी होने के कारण बरसात के समय जल निकासी में भी दिक्कतें होती हैं। इससे जलभराव जैसी समस्याएं भी गांवों में सामने आती हैं। ऐसे में नदियों की पैमाइश कराई जाएगी और जिन स्थानों पर अवैध कब्जे पाए जाएंगे, उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने संबंधित लेखपालों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में पड़ने वाली नदियों का सीमांकन कर रिपोर्ट तैयार करें, जिससे आगे की कार्रवाई की जा सके। बैठक में जिला विकास अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र की कुल 21 ग्राम पंचायतें इस अभियान में शामिल हैं। इनमें महामई, बिबामऊ, बलरई, राजपुर, धरबार, कुरसेना, सरायभूपत, कुंजपुर, बनकटी बुजुर्ग, मलाजनी, रजमऊ, आदियापुरा, हजरतपुर, जैतिया, समेत अन्य क्षेत्र शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधानों और ग्राम पंचायत सचिवों को अभियान के लिए निर्देश दिए गए हैं। यह कार्य मनरेगा योजना के तहत कराया जाएगा। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए वन विभाग नदी किनारे पौधरोपण कराएगा। बैठक में बीडीओ मनोज कुमार, एडीओ देवेंद्र पाल सिंह, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
