एटा। हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में जन-धन की सुरक्षा और राहत-बचाव की तैयारियों को परखने के लिए रविवार को पुलिस लाइन स्थित ग्राउंड में एयर रेड और ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की गई।

प्रदेशव्यापी स्तर पर आयोजित इस मॉक एक्सरसाइज में पुलिस, स्वास्थ्य, नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। अभ्यास के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई की तैयारियों का परीक्षण किया गया।

नागरिक सुरक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आयोजित मॉक ड्रिल में हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए सायरन बजाने, ब्लैक आउट करने, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने और आपातकालीन सूचना तंत्र सक्रिय करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। खतरा समाप्त होने पर ऑल क्लियर सायरन बजाकर सामान्य स्थिति बहाल करने का भी प्रदर्शन किया गया।

जिलाधिकारी एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की नियंत्रक एम अरुन्मोली ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में जन-धन की सुरक्षा के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई जरूरी है। एसएसपी डॉ. इलामारन ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। अन्य विभागों के साथ बेहतर तालमेल से राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी बनाए जा सकते हैं।

वहीं सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा, प्राथमिक उपचार और एंबुलेंस सेवाओं की उपलब्धता को जरूरी बताया। इस दौरान एएसपी श्वेताभ पांडेय, एएसपी क्राइम सच्चिदानंद, एसडीएम अनवर राशिद फारूकी, आपदा विशेषज्ञ राणा प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारीगण, आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी और नागरिक सुरक्षा कोर के वालंटियर्स मौजूद रहे।

पुलिस लाइंस में हुई मॉक डि्रल में घायलों को उपचार का अभ्यास करते कर्मी। -पुलिस विभाग

पुलिस लाइंस में हुई मॉक डि्रल में घायलों को उपचार का अभ्यास करते कर्मी। -पुलिस विभाग



Source link