इटावा जिले के सेंट्रल जेल महोला में एक माह से चोरी के मामले में विचाराधीन बंदी की गुरुवार को संदिग्ध हालात में इलाज दौरान मौत हो गई। बेटी ने जेल के अंदर बंदी से मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाने का आरोप लगा प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, जेल प्रशासन का कहना है कि बंदी को सीने में दर्द व सांस लेने में दिक्कत थी। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई है।
मध्यप्रदेश के भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र के ग्राम अकोड़ा मूल रूप से भिंड कोतवाली के मीरा कॉलोनी निवासी विचाराधीन बंदी संजय शर्मा (45) ने चोरी के मामले में एक माह से केंद्रीय कारागार महोला में निरुद्ध था। उसे चार अप्रैल को पछायगांव थाना पुलिस ने माता मंदिर से चांदी का छत्र चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था जिसके बाद से वह जेल था।
