इटावा। जिले में मौसम ने एक बार फिर से करवट बदली और शुक्रवार को दिनभर घने बादलों के साथ बूंदाबांदी होती रही। मौसम विभाग ने 26 सितंबर को सामान्यतः बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट भी है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को जिले का न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री और अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडे ने बताया कि विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 27 सितंबर से मौसम में बदलाव आएगा। इस दिन आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बारिश की संभावना कम रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके बाद 28 सितंबर को 33 डिग्री और 29 सितंबर से एक अक्तूबर तक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। यानी बारिश के बाद अगले सप्ताह फिर गर्मी और उमस बढ़ सकती है।

बंद रहेंगे कक्षा एक से 12 तक के स्कूल

जिले में लगातार हो रही बारिश और शनिवार को भी बारिश की संभावना को देखते हुए सभी बोर्ड के विद्यालयों में 26 सितंबर को अवकाश घोषित किया गया है। बीएसए डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि डीएम के निर्देश पर यूपी बोर्ड, सीबीएसई सहित सभी बोर्ड के कक्षा एक से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए शनिवार को अवकाश रहेगा। (संवाद)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *