इटावा। सावन के दूसरे सोमवार को कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने डायवर्जन लागू किया है। रविवार सुबह आठ बजे से सोमवार रात आठ बजे तक जिले के प्रमुख हाईवे, शहर के मुख्य चौराहों और कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान फर्रुखाबाद की ओर से आने और जाने वाले भारी वाहनों को किशनी-मैनपुरी से ही वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। रोडवेज बसों के लिए भी अलग रूट निर्धारित किया गया है।

कांवड़ यात्री शृंगीरामपुर फतेहगढ़ से ऊसराहार, कर्री पुलिया, चौबिया, बसरेहर और फर्रुखाबाद अंडरब्रिज होते हुए भरथना चौराहा क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। इसके बाद फर्रुखाबाद ओवरब्रिज से बाईं ओर मुड़कर साबितगंज, तहसील चौराहा, बलदेव चौराहा, राजागंज, पचराहा, छैराहा, टीटी तिराहा और उदी चौराहा होते हुए चंबल पुल की ओर जाएंगे। कांवड़ यात्रा के दौरान फर्रुखाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहनों को किशनी-मैनपुरी से रोककर करहल, सैफई और आईटीआई चौराहा होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। इटावा से फर्रुखाबाद जाने वाले भारी वाहन भी आईटीआई चौराहा, सैफई और करहल के रास्ते जाएंगे।

फर्रुखाबाद रूट की बसें सैफई होकर चलेंगी

फर्रुखाबाद की ओर जाने वाली रोडवेज बसें चौधरी पेट्रोल पंप से एसएसपी चौराहा, आईटीआई चौराहा, सैफई हवाई पट्टी और करी पुलिया होते हुए गंतव्य तक जाएंगी। वापसी में भी बसें इसी मार्ग का इस्तेमाल करेंगी।

एमपी जाने वाले वाहनों का भी बदला रूट

मध्य प्रदेश की ओर जाने वाले भारी वाहन लुहन्ना चौराहा से यमुना पुल की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें सराय भूपत, आगरा-कानपुर हाईवे, बकेवर और चकरनगर होते हुए भेजा जाएगा। चकरनगर से इटावा आने वाले भारी वाहन बकेवर और इकदिल होकर शहर पहुंचेंगे।

शहर में ऑटो और ई-रिक्शा पर भी रोक

कांवड़ यात्रा के दौरान शहर के कई मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। काजी पंप और नौरंगाबाद चौराहे से साबितगंज की ओर इन वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। राजागंज से बलदेव चौराहा तथा गाड़ीपुरा चौराहे से तहसील चौराहा की ओर भी ऑटो-ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे। चौधरी पंप तिराहा से भरथना चौराहा जाने वाले वाहनों को ईदगाह चौराहा और रामनगर ओवरब्रिज होकर भेजा जाएगा। सीओ ट्रैफिक रामगोपाल शर्मा ने लोगों से अपील की है कि वे डायवर्जन के दौरान प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *