इटावा। जंक्शन रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार देर रात अफरातफरी मच गई। ड्यूटी पर तैनात डिप्टी स्टेशन मास्टर के वीएचएफ (वेरी हाई फ्रीक्वेंसी) रेडियो सेट पर अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर बैग में बम रखे होने का दावा किया। सूचना मिलते ही एसएसपी समेत सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गए। आनन-फानन में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस अफसरों व रेल प्रशासन ने राहत की सांस ली।
शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे की है। स्टेशन पर उस समय रोजाना की तरह यात्रियों की चहल-पहल थी। इसी दौरान डिप्टी स्टेशन मास्टर अमन सिंह कौर के वीएचएफ सेट पर एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल की। कॉल करने वाले ने प्लेटफॉर्म नंबर तीन को निशाना बनाए जाने की बात कहते हुए पूरे स्टेशन परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी। वीएचएफ सेट पर धमकी मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस को अलर्ट जारी किया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव और एसपी सिटी बबीता सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थोड़ी ही देर में डॉग स्क्वॉड और एंटी सबोटाज टीम भी स्टेशन पहुंच गई। सुरक्षा टीमों ने प्लेटफॉर्म नंबर तीन, वेटिंग हॉल, टिकट काउंटर, फुट ओवरब्रिज और यात्रियों के बैठने के स्थानों सहित पूरे स्टेशन परिसर की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों के सामान खंगाले।
करीब दो घंटे चले तलाशी अभियान और सघन जांच के बाद टीमों को कोई विस्फोटक पदार्थ या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों ने धमकी को झूठी अफवाह माना। स्टेशन अधीक्षक पीएम मीणा ने बताया कि वीएचएफ सेट पर सूचना मिलते ही तत्काल रेलवे सुरक्षा तंत्र को सक्रिय कर दिया गया था।
वहीं, एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए देर रात ही विशेष टीमों के जरिये गहन चेकिंग कराई गई। जांच में बम की सूचना पूरी तरह से झूठी और फर्जी पाई गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी पुलिस स्टेशन में डिप्टी स्टेशन मास्टर अमन सिंह कौर की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सर्विलांस और साइबर सेल की मदद से वीएचएफ फ्रीक्वेंसी पर सेंध लगाने वाले आरोपी की तलाश में जुट गई है।
वीएचएफ सेट पर कॉल आना नहीं उतर रहा गले
रेलवे अफसरों के मुताबिक, वीएचएफ सेट पर कोई आमजन कॉल कर धमकी नहीं दे सकता है। ऐसे में जीआरपी टीम सभी पहलुओं पर जांच कर रही हैं। ऐसे में पहले ये पता किया जा रहा है कि किस सेट से डिप्टी एसएस को कॉल की गई थी, वह सेट कौन इस्तेमाल कर रहा है। साथ ही वीएचएफ सेट किन-किन लोगों के पास होता है आदि बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।
आम्रपाली व अवध का इंतजार कर रहे थे लोग
डिप्टी एसएस को सूचना देने के समय प्लेटफॉर्म पर कोई ट्रेन नहीं खड़ी थी। वहीं, दिल्ली से कानपुर जाने के लिए आम्रपाली व अवध एक्सप्रेस आने वाली थी। इन ट्रेनों को लोग इंतजार कर रहे थे। बम मिलने की सूचना मिलने के बाद पुलिस-प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। सबसे पहले उन्हें प्लेटफॉर्म तीन की सघनता से जांच कर यात्रियों के सामान की तलाशी ली। इस दौरान कुछ न मिलने पर पूरे प्लेटफॉर्म परिसर की तलाशी ली गई।

फोटो 25::इटावा जंक्शन पर जांच करती एसपी सिटी बबिता सिंह, एसपी क्राइस संतोष कुमार और सीओ सिटी अव

