इटावा। जिले में मतदेय स्थलों के समायोजन और संशोधन के प्रस्ताव को भारत निर्वाचन आयोग ने मंजूरी दे दी है। इसके बाद जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 941 मतदान केंद्र और 1391 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।

बैठक में डीएम ने बताया कि आयोग से अनुमोदन मिलने के बाद संशोधित मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की सूची तैयार कर दी गई है। इसके तहत विधानसभा क्षेत्र 199-जसवंतनगर में 338 मतदान केंद्र और 467 मतदेय स्थल, विधानसभा क्षेत्र 200-इटावा में 242 मतदान केंद्र और 442 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहीं, विधानसभा क्षेत्र 201-भरथना (अजा) में 361 मतदान केंद्र और 482 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।

डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से संशोधित सूची का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को इसकी जानकारी देने की अपील की, ताकि मतदाताओं को अपने मतदान केंद्र की जानकारी आसानी से मिल सके। उन्होंने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर पात्र युवा और महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग मांगा। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



Source link

अभी अभी की खबरें